September 17, 2024

स्व. प्रकाश पंत का अंतिम संस्कार 8 जून को पिथौरागढ़ में होगा

देहरादून, ( आखरीआंख )  उत्तराखंड के दिवंगत वित्त मंत्री प्रकाश पंत का अंतिम संस्कार 8 जून को पिथौरागढ़ में होगा। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर जॉलीग्रांट हवाई अड्डे लाया जाएगा। केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह सहित केंद्र व प्रदेश के वरिष्ठ नेता अंतिम संस्कार में शामिल होंगे ।
    भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ देवेंद्र भसीन ने बताया कि स्व प्रकाश पंत का अंतिम संस्कार 8 जून को पिथौरागढ़ में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू विशेष विमान से पिथौरागढ़ पहुँच रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्व. श्री पंत का पार्थिव शरीर पहले विशेष विमान से अमेरिका से नई दिल्ली पहुँचेगा और वहाँ से विशेष एयर एम्बुलेंस से  जौली ग्रांट देहरादून हवाई अड्डे लाया जाएगा।यहाँ पार्थिव शरीर को हवाई अड्डे के निकट एसडीआरएफ भवन में श्रद्धांजलि व दर्शनार्थ रखा जाएगा। जहाँ मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा राष्ट्रीय सहमहामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट व अन्य वरिष्ठ नेता व जन सामान्य उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर को विशेष विमान से पिथौरागढ़ ले जाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री रावत, भाजपा सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट भी पिथौरागढ़ रवाना होंगे।
पिथौरागढ़ में पार्थिव शरीर को पहले भाजपा कार्यालय सम्पूर्णानंद पार्क में जनता व कार्यकर्ताओं के दर्शनार्थ रखा जाएगा। तत्पश्चात पार्थिव शरीर पंत निवास खटकोट ले जाया जाएगा । वहाँ कुछ समय रुकने के बाद अंतिम यात्रा प्रारम्भ होगी और रामेश्वर घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा में परिवारजनों के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, जन सामान्य शामिल होंगे। बड़ी संख्या में लोग पिथौरागढ़ के लिए रवाना भी हो गए हैं।