Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

गैरसैंण राजधानी के लिए घंटाघर से शुरू हुई संकल्प यात्रा

देहरादून। गैरसैंण राजधानी निर्माण अभियान के बैनर तले उत्तराखंड युवा शक्ति संगठन की ओर से मंगलवार को घंटाघर स्थित स्व. इंद्रमणि बड़ोनी की प्रतिमा स्थल से पदयात्रा का शुभारंभ किया गया।
मंगलवार सुबह छह बजे पदयात्रा का शुभारंभ किया गया। विभिन्न स्थानों की ओर जाने वाली यह यात्रा करीब 300 किमी का सफर तय करेगी। गैरसैँण राजधानी के लिए चली यह संकल्प यात्रा दून से चलकर ऋषिकेश, देवप्रयाग, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग आदि जगहों से होते हुए गैरसैंण पहुंचेगी। यात्रा शुभारंभ के अवसर पर 10 यात्रियों को रवाना करने के लिए गैरसैंण राजधानी निर्माण अभियान, युवा आह्वान सहित अन्य संगठन भी मौजूद रहे। अभियान के सदस्यों ने यात्रियों को फूल माला पहनाकर रवाना किया। इससे पूर्व जोरदार नारेबाजी और जनगीत गाते हुए सभी ने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर संकल्प लिया। उत्तराखंड युवा शक्ति संगठन के प्रमुख राकेश नाथ ने कहा कि उत्तराखंड राय की कल्पना बगैर गैरसैंण राजधानी अधूरी कहलाएगी। वहीं अभियान के प्रमुख रणनीतिकार मनोज ध्यानी ने कहा कि गैरसैण राजधानी के लिए यात्रा पर निकले यात्री एक ऐतिहासिक यात्रा रच रहे हैं। जिससे प्रदेश की जनता के बीच में इस मुद्दे को ले जाना आसान होगा। पदयात्रियों में राकेश नाथ, प्रकाश जोशी, देवेंद्र सिंह नेगी, महेंद्र रावत, विनोद नाथ, भक्कड़ सिंह ग्वाल आदि शामिल हैं। दल को रवाना करने वालों में युवा आह्वान के निदेशक रोहित ध्यानी, उत्तराखंड विकलांग संघ के प्रदेश अध्यक्ष बृज मोहन नेगी, पंडित चंदेरभानू भट्ट, राजेंद्र सिंह नेगी, प्रवीण गुसाईं, जसवंत सिंह जंगपांगी आदि मौजूद रहे।

Advertisement