April 30, 2026

प्राचार्य के अनुपस्थिति पर भड़के छात्र

 

बागेश्वर। डिग्री कॉलेज में प्राचार्य की लगातार अनुपस्थिति पर छात्रों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने प्राचार्य कक्ष के बाहर तालाबंदी कर जमकर नारेबाजी की। प्राचार्य की लगातार अनुपस्थिति का स्पष्टीकरण देने को कहा। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। छात्रसंघ अध्यक्ष सौरभ जोशी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज में प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि माह सितंबर में कॉलेज में नई प्राचार्य की नियुक्ति हुई थी। जिसके बाद से वह अधिकांश समय अनुपस्थित रहीं हैं। उन्होंने कहा कि पदेन अधिकारी के कॉलेज में नहीं होने से अनियमितता फैल रही है। छात्र-छात्राओं के कई काम अटक गए हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज की संपूर्ण जिमेदारी प्राचार्य पर ही होती है। उसके दिशा निर्देशों से कॉलेज चलता है, लेकिन यहां तैनात प्राचार्य अपनी जिमेदारी निभाना तो दूर उपस्थिति भी नियमित नहीं रख पा रही हैं। जिसके चलते कई तरह की समस्याएं पैदा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ व कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं को प्राचार्य की लगातार अनुपस्थिति के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने प्राचार्य के नाम दिए ज्ञापन में उपस्थिति की अनियमितता का स्पष्टीकरण देने की मांग की। कहा कि अगर उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया तो उन्हें उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक भूपेंद्र दानू, राजेंद्र दानू, हिमांशु जोशी, अंकित ऐठानी, शारस्वत खंडूरी,अंकित ऐठानी, बीना रावत, प्रियांशी कठायत, पूजा फर्स्वाण, प्राकश चंद्र, योगेश जोशी आदि शामिल रहे।