बागेश्वर में पोस्टमास्टर को दिया 25 लाख का इनाम निकलने का झांसा
बागेश्वर। लॉटरी निकलने का लालच देकर लोगों को अपने झांसे में लेने का सिलसिला लगातार चल रहा है। कई लोग इनके झांसे में आकर अपनी रकम भी गंवा चुके हैं। ऐसा ही एक और प्रकरण प्रकाश में आया है। झांसा देने वाले युवक ने इस बार पोस्ट-ऑफिस के मोस्टमास्टर को निशाना बनाया है। उनके वाट्सएप नंबर पर 25 लाख रुपये की धनराशि से भरा एसबीआई का चेक भेजा है। उनसे अपने खाते में 16150 रुपये की धनरशि जमा करने की मांग की गई है। राशि जमा होते ही उनके खाते में 25 लाख आ जाएंगे। सोमवार की शाम से वह उन्हें लगातार धनराशि जमा करने के लिए परेशान कर रहा है।उन्होंने इस तरह के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कांडा तहसील के स्यालडोबा निवासी देवेंद्र तिवारी उडेरा मनकोट में मोस्टमास्टर हैं उन्होंने आपबीती बताई। तिवारी ने बताया कि सोमवार को उनके वाट्सएप नंबर पर स्टेट बैंक का एक चेक आया। उसमें उनका नाम लिखा था। साथ ही 25 लाख रुपये की धनराशि भी भरी हुई थी। उसके थोड़ी देर बाद ही एक और मैसेज आया। उसमें आमिर सुहेल के नाम का एकाउंट नंबर-0859000100349830, आईएफएससी कोड- पीयूएनबी-0085900 ब्रांच मोतीहारी अंकित था। मैसेज भेजने वाले ने इस एकाउंट नंबर पर 16150 रुपये भेजने की मांग की। जब उन्होंने उनके मैसेज पर ध्यान नहीं दिया तो देर शाम से विजय नाम का व्यक्ति उन्हें लगातार फोन तथा वाट्सएप पर परेशान कर रहा है। वह 001270500-0292 से खाते में धनराशि जमा करने की मांग कर रहा है। अब तक वह करीब 50 मैसेज भेज चुका है। इससे वह काफी परेशान हैं । पोस्टऑफिस का भी काम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने समस्या के समाधान करने की मांग की है। हालांकि उन्होंने खाते में धनराशि जमा नहीं की है।
