रणजी ट्रॉफी: छत्तीसगढ़ के खिलाफ उत्तराखंड की परीक्षा आज से
देहरादून। अपने घरेलू मैदान में शिकस्त मिलने के बाद अब उत्तराखंड पहली जीत की तलाश में रायपुर पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ के खिलाफ उत्तराखंड 17 दिसंबर से रणजी के रण में उतरेगा। उत्तराखंड के लिए नॉक आउट की दौड़ में बने रहने के लिए इस मैच में जीत दर्ज करना जरूरी है। वहीं मैच में खराब प्रदर्शन से खिलाडिय़ों की टीम से छुट्टी भी हो सकती है। रणजी ट्रॉफी में उत्तराखंड इस बार इलीट ग्रुप सी में शामिल है। 9 दिसंबर से शुरू हुए रणजी के रण में उत्तराखंड की शुरुआत बेहद खराब हुई है। अपने घरेलू मैदान में उत्तराखंड को जमू एंड कश्मीर के खिलाफ तीसरे दिन ही हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच में न तो उत्तराखंड के बल्लेबाज रन बना सके और न ही गेंदबाज जल्दी विकेट चटका पाए। आलम यह रहा कि बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण पहली पारी में 85 रन पर टीम सिमट गई। दूसरी पारी में दीक्षांशु नेगी के अर्धशतक के दम पर उत्तराखंड सौ के पार पहुंच सका। तेज गेंदबाज पूरे मैच में असरहीन नजर आए। वहीं अब मंगलवार से उत्तराखंड को छत्तीसगढ़ की मजबूत टीम के खिलाफ मैदान में उतरना है। इस मैच में अनुभवी गेंदबाज राहिल शाह भी टीम के साथ नहीं होंगे। उत्तराखंड को इस मैच में जीत दर्ज करना या फिर पहली पारी में बढ़त हासिल कर अंक हासिल करना जरुरी है। तभी नॉक आउट राउंड में पहुंचने की उत्तराखंड की उमीदें जिंदा रह सकेंगी। दूसरे मैच में उत्तराखंड के बल्लेबाजों के साथ ही गेंदबाजों को भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना पड़ेगा। खासकर कप्तान उन्मुक्त चंद, उप कप्तान तनमय श्रीवास्तव, सौरभ रावत, करनवीर कौशल, अवनीश सुधा जैसे बल्लेबाजों से रन बनाने की उमीद है। वहीं गेंदबाजी में अनुभवी धनराज शर्मा, सन्नी राणा के साथ ही प्रदीप चमोली को भी लाल गेंद से विकेट चटकाने होंगे, तभी छत्तीसगढ़ पर दबाव बनाया जा सकेगा। इसलिए दूसरे मैच में सीनियर खिलाडिय़ों से बेहतर प्रदर्शन की उमीद भी की जा रही है।
