गरुड़ के ग्रामीणों ने सरकार-वन विभाग का पुतला फूंका
बागेश्वर। गुलदार को आदमखोर घोषित करने की मांग को लेकर मुकदमा झेल रहे ग्रामीणों में प्रदेश सरकार, वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। सर्वदलीय संघर्ष समिति से जुड़े सदस्यों और ग्रामीणों ने बुधवार को गांधी चबूतरे के पास सरकार और वन विभाग का पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों को जल्द वापस लेने की मांग की। कहा अगर उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो वे उग्र आंदोलन को विवश होंगे। बता दें दो साल पहले क्षेत्र में गुलदार ने दो बचों को अपना निवाला बना लिया था। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से गुलदार को आदमखोर घोषित करने की मांग की। जिस पर कार्रवाई नहीं होने पर गुस्साये ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन किया था। जिसके बाद गुलदार को आदमखोर घोषित करने का आदेश आया, लेकिन ग्रामीणों पर भी केस दर्ज कर दिए गए। वक्ताओं ने कहा अपने बचों की जान बचाने की खातिर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। बावजूद इसके उन पर जबरन केस चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा ग्रामीणों पर जबरन मुकदमे दर्ज कर उनका उत्पीडऩ किया जा रहा है। जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने 12 जनवरी को बाजार में सरकार, प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ आक्रोश रैली निकालने का ऐलान किया। कहा अगर जल्द मुकदमे वापस नहीं हुए तो समिति उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। यहां भुवन पाठक, प्रकाश कोहली, लक्ष्मण राम, दीपक गोस्वामी, भुप्पी गढिय़ा, बसंत नेगी, दयाल सिंह, प्रमोद कुमार आदि रहे।
