March 22, 2026

कार अनियंत्रित होकर नदी में गिरी, कार सवार एक युवती व व्यक्ति घायल 

कोटद्वार। दुगड्डा-कोटद्वार के मध्य ऐता के पास एक कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। दुर्घटना में कार सवार एक युवती व व्यक्ति घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दुगड्डा चौकी इंचार्ज ओमप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सुबह यूपी के जिला बिजनौर निवासी कुलदीप (45) और पायल (22) अपनी कार से लैंसडौन घूमकर वापस बिजनौर जा रहे थे, इसी दौरान ऐता के समीप कार अनियंत्रत होकर सड़क के नीचे नदी में गिर गई। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को 108 की मदद से कोटद्वार बेस चिकित्सालय पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क से कार नदी में गिरी और रेतीली जगह पर खड़ी हो गई। इसके कारण कार सवार लोगों को अधिक चोट नहीं आई। बताया कि नदी में अधिकांश बडे-बड़े पत्थर हैं। ऐसे में बड़ा हादसा होने से बच गया। बताया कि इसी स्थान पर पहले भी कई हादसें हो चुके हैं।