May 4, 2026

दशोली गढ़ सांस्कृतिक मेले में साहब सिंहऔर अनीषा रांगड़ के गीतों की मची धूम

चमोली। तेफना में आयोजित दशोली गढ़ सांस्कृतिक विकास मेले के तीसरा दिन गायक साहब सिंह रमोला और अनीषा रांगड़ के गीतों के नाम रही। इनके गीतों ने खूब धूम मचाई। मेले में लगे सरकारी व गैर सरकारी स्टॉल से मेलार्थियों ने कृषि यंत्रों, ऊनी वस्त्र, रिंगाल के वस्तुओं की खूब खरीदारी की।तेफना के खेल मैदान में चल रहे मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत और चमोली भेषज संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह असवाल ने किया। इस दौरान हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गायककार साहिब सिंह रमोला ने कई गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी। उन्होंने बदरीनाथ भगवान और मां नंदा के जागरों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने जय मां राजराजेश्वरी.., गैल्याणी तू सांसू करीजा, मेला का औंणा को.., बौणें की घस्यारी.., सौंली जन.., हाथ की मुंदड़ी.., भग्यानी बौ..जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। गायिका अनीषा रांगड़ ने तै बुड्या का लंबा वौंका.., छल कपट ह्वे जालू..गीत की शानदार प्रस्तुति दी। स्थानीय स्कूली बचों ने भी स्वागत गान के साथ ही गढ़वाली गीतों की प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हरिकृष्ण भट्ट, मेला स‌मिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गौचर मुकेश नेगी, विजेंद्र सिंह, वीरेंद्र रावत, दयाल सिंह, बादर सिंह, दीवान सिंह, मंगल सिंह, पूर्व प्रधान तेजवीर कंडेरी, रामी देवी, सतेश्वरी, मंजू देवी आदि मौजूद थे।