March 17, 2026

ब्रेकिंग : गरुड़ के बाबा की कैंची धाम में हत्या

नैनीताल। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग में कैंची धाम से करीब तीन किमी ऊपर बाबा कैब आश्रम के बाबा केशर नाथ की गुरुवार रात्रि हत्या कर दी गई है। जबकि वारदात को अंजाम देने पहुंचे हत्यारों को रोके जाने पर उनका एक भक्त भी घायल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद उसे बाबा के भक्तों को सौंप दिया। जबकि मामले में अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रथम दृष्टया लूट के चलते हत्या की आशंका जता रही है। कैंची धाम से तीन किमी ऊपर यानि पहाड़ी पर बाबा कैब आश्रम है। यहां मूल रूप से गरुड़ बागेश्वर निवासी बाबा केशर नाथ गिरी (101) अपने भक्त तीरथ सिंह के साथ रहते थे। गुरुवार रात्रि लगभग 9 बजे आश्रम में अचानक दो लोग लाठी-ठंडों के साथ घुस आए। बाबा के भक्त तीरथ की मानें तो अज्ञात युवकों ने बाबा पर हमला कर दिया। हल्ला करने पर उन्होंने तीरथ पर भी हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। तीरथ ने घटना की सूचना स्थानीय लोगों को दी। सूचना पर ग्राम प्रधान पंकज निगल्टिया समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रकरण की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे भवाली चौकी इंचार्ज आशुतोष सिंह तथा खैरना चौकी इंचार्ज आशा बिष्ट ने पुलिस टीम के साथ जंगल में कांबिंग शुरू कर दी। जबकि बाबा तथा उनके भक्त को घायल अवस्था में 108 की मदद से सीएचसी भवाली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बाबा को मृत घोषित कर दिया। जबकि अस्पताल के डॉक्टर रमेश कुमार ने बाबा के भक्त तीरथ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। इधर, शुक्रवार को एसएसपी सुनील कुमार मीणा समेत अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों के साथ ही हत्यारों के संबंध में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस लूट के इरादे से हत्या की आशंका जता रही है। पुलिस का कहना है कि इससे पहले भी मंदिर में लूट हो चुकी है।