नगर पंचायत क्षेत्र में हुआ कीटनाशक का छिड़काव
बागेश्वर। कोरोना वायरस का खौफ नगर से लेकर गांवों तक फैलता जा रहा है। नगर पंचायत कपकोट ने भी वायरस से बचाव के लिए कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव किया। पंचायत अध्यक्ष ने लोगों से सावधानी बरतने और स्वछता रखने को कहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट के निर्देश पर कर्मचारियों ने नगर के विभिन्न वार्डों में कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव किया। उन्होंने बताया कि कोरोना का खतरा विश्व भर में फैल गया है। इसको लेकर सतर्कता बरतने की बेहद जरूरत है। जिसे देखते हुए नगर पंचायत में भी लोगों को जागरूक करने के साथ स्वछता अभियान चलाया जा रहा है। सभासद तनुज तिरुवा ने बताया कि पूरे नगर में यह अभियान चल रहा है। पानी की टंकियों, नालियों सहित गंदगी वाले स्थानों को साफ कर वहां कीटनाशक दवाइयां छिड़की जा रही है। उन्होंने सभी लोगों से बीमार होने पर डॉक्टरों को दिखाने, बार-बार साफ कर हाथ धोने सहित अन्य सावधानियां बरतने को कहा।
