बाहर घूमने वाले 15 लोगों के विरुद्ध धारा 188 के तहत चालान
रुद्रप्रयाग। 14 दिनों के होम कोरंटाइन की सलाह देने के बाद भी गांवों में बेवजह बाहर घूम रहे लोगों पर अब प्रशासन कड़ी कार्रवाई करने लगा है। गांव गांव से मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने बकायदा इन लोगों पर निगरानी के लिए ड्रोन की मदद ली है। ड्रोन से इन लोगों को चिह्नित करते हुए कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने ऐसे 15 लोगों के चालान भी कर दिए हैं। एक ओर पूरे भारत में लॉकडाउन है ऐसे में जरूरी सामान लेने के निर्धारित समय के बाद बाहर निकलने की अनुमति नहीं है, बावजूद गांवों और कस्बों में लोग नियमों की खिल्लियां उड़ा रहे हैं। प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ अब सत कार्रवाई का फैसला लिया है। जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने सोशल मीडिया और प्रशासनिक एवं पुलिस टीम से ऐसे लोगों को साफ संदेश दिया है कि वह लॉकडाउन और होम कोरंटाइन का पालन करें ताकि वह अपने परिवार के साथ समाज की रक्षा कर सके। बीते दिन गांव-गांव से आई शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने गांवों में बाहर घूमने वाले 15 लोगों के विरुद्ध धारा 188 के तहत चालान किए हैं, जो जनपद से बाहर से आए हैं और उन्हें घर में रहने की सलाह दी गई है। उधर लॉकडाउन अवधि में नियमों का उल्लघंन करने पर पुलिस ने अभी तक जिले के कुल 186 लोगों का धारा 188 में चालान किया है। इन सभी लोगों को होम कोरंटाइन की सलाह दी गई थी।
