March 17, 2026

सरकारी सस्ते गल्ले पर निशुल्क का राशन नहीं देने का आरोप

बागेश्वर। नरगोली के ग्रामीणों ने सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार पर निशुल्क का राशन नहीं देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय और बीपीएल कार्ड धारकों के लिए पांच किलो प्रति यूनिट का राशन आया था, जो अब तक ग्रामीणों को नहीं मिला। यहां तक कि उन्हें पिछले दो महीने का राशन भी नहीं मिला है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर उपभोक्ताओं की परेशानी दूर करने की मांग की। लॉकडाउन के चलते सरकार से अंत्योदय और प्राथमिक राशन कार्ड धारकों को तीन महीने का चावल फ्री मिलना था, लेकिन नरगोली के ग्रामीणों को राशन के बदले रुपये चुकाने पड़े। इसमें भी दुकानदार ने उनसे तय कीमत से अधिक लिए हैं। उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों को भी राशन खरीदना पड़ा, जबकि विभाग से पूछने पर तीन महीने के चावल फ्री भेजे जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने बताया कि विक्रेता ने कुछ लोगों को ही मुत का राशन दिया। बाकी वह डकार गया। इसी तरह रुपये देने के बाद भी कई परिवारों को चार से पांच किलो कम राशन दिया गया। उन्होंने बताया कि विक्रेता ने अब तक ग्रामीणों को पूर्व के दो महीनों का भी राशन नहीं दिया है। उपभोक्ताओं ने डीएम से सरकार से फ्री मिलने वाला राशन सहित पूर्व के दो महीनों का खाद्यान्न भी उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर सरिता देवी, नंदी देवी, तारा देवी, भावना देवी, मुन्नी देवी, हंसी देवी, मालती देवी, हेमा देवी सहित कई उपभोक्ता मौजूद रहे।