10किमी पैदल चलकर बैंक पहुंची वनराजी महिलाओं को नहीं मिली किसान समान निधि
पिथौरागढ़। लॉकडाउन में थोड़ी सी ढील मिलने के बाद कूटा चोरानी की वनराजी महिलाएं 10किमी पैदल चलकर किसान समान निधि की धनराशि निकालने अस्कोट सहकारी बैंक पहुंची। लेकिन उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनके खातों में निधि का एक भी रुपया अब तक नहीं पहुंचा है। सोमवार को वनराजी महिलाएं 10किमी का पैदल सफर तय कर अस्कोट पहुंची। महिलाओं ने सबसे पहले सहकारी बैंक में पासबुक एंट्री कराई। वनराजी शांति देवी ने बताया कि वह लोग केंद्र सरकार की तरफ से मिलने वाली किसान समान निधि निकालने यहां पहुंची। कहा उमीद थी कि लॉकडाउन के दौरान उन्हें थोड़ी राहत मिल जाती। लेकिन अब तक निधि का एक रुपया भी खाते में नहीं पहुंचा है। कहा उन्हें समान निधि के पैसों से राशन व अन्य जरूरी सामान खरीदना था। अब उन्हें बगैर खरीदारी के ही घर लौटना पड़ेगा।
