कांवड़ यात्रा में 6 फीट से ऊंची कांवड़ और 10 फीट से ऊंची झांकी पर रोक
हरिद्वार । कांवड़ मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। छह फीट से ऊंची सामान्य कांवड़ और 10 फीट से ऊंची झांकी पर रोक लगाई गई है। हथियार, रेट्रो साइलेंसर, ऊंची आवाज वाले डीजे और नशे की हालत में यात्रा पर भी सख्त प्रतिबंध रहेगा। हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ मेले की तैयारियों के बीच 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने शिवभक्तों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सामान्य कांवड़ की ऊंचाई 6 फीट और कांवड़ झांकी की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। इससे अधिक ऊंचाई होने पर विद्युत लाइनों से टकराने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका रहती है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि पिछले कांवड़ मेले में करीब चार करोड़ कांवड़िये गंगाजल लेने हरिद्वार आए थे। इस बार अनुमान है कि चार करोड़ से भी ज्यादा कांवड़िये हरिद्वार पहुंचेंगे। इसलिए पुलिस के लिए कांवड़ मेला बड़ी चुनौती बनी हुई है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए हरिद्वार पुलिस ने कई बड़े फैसले लिए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे अपने साथ वैध पहचान पत्र आईडी अवश्य रखें। एसएसपी ने ट्रेन से आने वाले श्रद्धालुओं को चलती ट्रेन की छत या अन्य असुरक्षित स्थानों पर यात्रा न करने की चेतावनी भी दी गई है। ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान आपसी विवाद, मारपीट या तनाव से बचने और पुलिस प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।
30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगा कांवड़ मेला
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि हरिद्वार पुलिस और जिला प्रशासन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्य वस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। सभी शिवभक्तों से अनुरोध है कि निर्धारित नियमों का पालन करें। सामान्य कांवड़ की ऊंचाई 6 फीट और झांकी की ऊंचाई 10 फीट से अधिक न रखें। त्रिशूल, भाला, बेसबॉल का डंडा या किसी भी प्रकार के हथियार लेकर न आएं। रेट्रो साइलेंसर वाली बाइक लाने पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा और साथ ही ऊच्चे और तेज आवाज वाले डीजे पर भी प्रतिबद्ध रहेगा। पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित संपन्न हो सके। मालूम हो कि 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक कांवड़ मेला चलेगा।
