Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

जाली दस्तावेजों से बैंक से 19 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी लोहाघाट से गिरफ्तार


अल्मोड़ा ।  उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड की अल्मोड़ा शाखा से जाली दस्तावेजों के आधार पर 19 लाख रुपये का ऋण लेने के मामले में कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने नामजद आरोपी को चम्पावत जिले के लोहाघाट से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली अल्मोड़ा में 4 नवंबर 2025 को उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, शाखा अल्मोड़ा के प्रबंधक समीर भटनाकर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर के अनुसार हिमांशु कुमार ने बैंक में जाली दस्तावेज प्रस्तुत कर 19 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत कराई तथा क्रेडिट कार्ड के माध्यम से फर्जी तरीके से ऋण प्राप्त किया। इस संबंध में एफआईआर संख्या 94/2025 धारा 318(4) एवं 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर प्रभारी कोतवाली अल्मोड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और तलाश के बाद वांछित हिमांशु कुमार को लोहाघाट, जनपद चम्पावत से गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 336(3), 338 एवं 340(2) बीएनएस की भी वृद्धि की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 31 वर्षीय हिमांशु कुमार पुत्र जसराम निवासी दरकोट, पोस्ट रॉथी, थाना मुनस्यारी, जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता प्रथम वृत्त, कार्यालय में वरिष्ठ सहायक (क्लर्क) के पद पर कार्यरत है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी बेस प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल सुन्दर लाल बाराकोटी तथा कांस्टेबल सूरज कुमार शामिल रहे।

Advertisement