April 20, 2026

कर्णप्रयाग से नारायणबगड़ जा रही कार गहरी खाई में गिरी, मां-बेटी की मौत

– घायल पिता-पुत्र को हेलीकॉप्टर से किया हिमालयन अस्पताल देहरादून रेफर

कर्णप्रयाग। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कर्णप्रयाग और नारायणबगड़ के बीच बगोली में एक कार करीब पचास मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें सवार मां, बेटी की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल पिता, पुत्र को हेलीकॉप्टर से हिमालयन अस्पताल देहरादून रेफर किया गया। कर्णप्रयाग के थानाध्यक्ष जीसी शर्मा ने बताया कि गैरोली (कर्णप्रयाग) गांव निवासी विजय प्रसाद गैरोला(39) पुत्र महानंद गैरोला अपनी पत्नी रीना गैरोला (35), पुत्री लवली(17) और पुत्र अनुराग (13) के साथ कर्णप्रयाग से नारायणबगड़ अपनी कार से जा रहे थे। इस दौरान बगोली भैरव मंदिर के पास कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिसमें लवली की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को खाई से निकाला और आपातकालीन सेवा 108 से कर्णप्रयाग अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उपचार के दौरान रीना गैरोला ने कर्णप्रयाग अस्पताल में दम तोड़ दिया। डा. मनोज मिश्रा ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर से हिमालयन अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष जीसी शर्मा ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम सहित अन्य कार्रवाई की जा रही है।