March 27, 2026

पालिकाध्यक्ष ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का मुआयना किया

बागेश्वर। पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का मौका मुआयना कर लोगों की समस्याएं सुनी। मंडलसेरा और मजियाखेत में शनिवार की रात हुई बारिश का पानी लोगों के घरों और खेतों में घुस गया। पानी की निकासी का उचित प्रबंधन नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी भी जताई। पालिका से बरसात से पहले पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की। मालूम हो कि शनिवार की रात जिले में जबरदस्त बारिश हुई। मजियाखेत, कठायतबाड़ा, नई बस्ती और मंडलेसरा क्षेत्र में इसका अधिक असर दिखा। कुंथी नाला उफनाने से मंडलसेरा में लोगों के घरों में पानी घुस गया। इसके अलावा मजियाखेत में भी डिग्री देवी, सुरेश जोशी, आनंद तिवारी के खेतों में मलबा आ गया। लोगों ने इसकी शिकायत पालिका और तहसील प्रशासन से की। सूचना के बाद पालिकाध्यक्ष खेतवाल, सभासद नीमा दफौटी ने ईओ राजदेव जायसी के साथ पहले मजियाखेत फिर मंडलसेरा और कठायतबाड़ा क्षेत्र का निरीक्षण किया। पीडि़त परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिया। लोगों ने पालिका से बरसात से पहले पानी निकासी की व्यवस्था ठीक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूर्व में बने नाले मलबे के कारण बंद हो गए हैं। उन्हें समय पर खोलने की मांग की है।