March 16, 2026

एस डी एम की संस्तुति के बाद ही कोचिंग संस्थानों को अनुमति : डीएम

 

बागेश्वर । जनपद में कोचिंग सेंटरों को शुरू करने के लिए जिलाधिकारी विनीत कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में उप जिलाधिकारी एवं कोचिंग सेंटर संचालकों के साथ आवश्यक बैठक आहूत की गयी। जिसमें जिलाधिकारी द्वारा जनपद में कोचिंग सेंटर शुरू करने के संबंध में सभी संचालकों से भी जानकारी ली गयी, जिस पर कोचिंग संचालकों का कहना था कि कोरोना संक्रमण के कारण बंद हुये कोचिंग सेंटरों से उन्हें काफी आर्थिक नुकशान हो रहा है जिसके लिये उन्होंने जिलाधिकारी से कोचिंग सेंटर के संचालन के लिए अनुरोध किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कोचिंग सेंटर संचालकों से कहा कि शासन द्वारा जारी गार्इडलार्इन अनलॉक-05 के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करते हुए कोचिंग सेंटरों में सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाय। जिसमें कोचिंग सेंटरों में आने वाले सभी बच्चों की अनिवार्य रूप से थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था हो। क्लास रूम में प्राप्त स्थान के साथ 02 गज की दूरी बनाये रखने तथा सभी बच्चों को मास्क एवं सैनिटार्इजर का प्रयोग करने तथा क्लास रूम एवं शौचालय को सुबह-शाम सैनिटार्इजेशन की व्यवस्था आदि नियमों का पालन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि कक्षा- 9, 10 व इससे ऊपर की कक्षा में पढ़ने वाले बच्चों को ही कोचिंग सेंटर में आने की अनुमति होगी तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को उनके अभिभावकों से अनुमति लेनी आवश्यक होगी। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये है कि उनके क्षेत्र में पडने वाले कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण कर शासन द्वारा जारी गार्इडलार्इन के अनुसार कोचिंग सेंटरों में पर्याप्त स्थान एवं सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्पष्ट आख्या/संस्तुति उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि उप जिलाधिकारियों की संस्तुति/आख्या के आधार पर कोचिंग सेंटरों के संचालन की अनुमति दी जायेगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डी0डी0पंत, अपर जिलाधिकारी हेमन्त कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी बागेश्वर राकेश चन्द्र तिवारी, गरूड़ जयवर्द्धन शर्मा, काण्डा योगेन्द्र सिंह, आपदा प्रबन्धन अधिकारी शिखा सुयाल सहित विभिन्न कोचिंग सेंटरों के संचालक उपस्थित थे।