बागेश्वर मे यहाँ नही हो पाती मोबाईल में बात, जाते हैं 10 किमी दूर, कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
बागेश्वर। कपकोट की पिंडर घाटी के अंतिम गांव खाती के ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने गांव को सड़क से जोडऩे, बिजली और संचार सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। जल्द समस्याओं का निदान नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की भी चेतावनी दी। खाती के ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन पर क्षेत्र और गांव की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खरकिया से खाती तक पांच किमी मोटर मार्ग स्वीकृत है, लेकिन आज तक रोड कटान का काम शुरू नहीं हो पाया। जिसके कारण ग्राीमीणों को कई किमी तक पैदल चलना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक गांव बिजली की सुविधा से वंचित है। लंबे समय से मांग करने के बाद दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत गांव में कुछ पोल खड़े हुए, लेकिन आपूर्ति अब तक नहीं की गई। जहां पूरा देश विकास की रेस में लगातर आगे बढ़ रहा है, ग्रामीण रोशनी के लिए भी तरस रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में संचार सुविधाएं नहीं होने से आ रही दिक्कतें भी बताई। कहा कि अब तक गांव व क्षेत्र में कोई मोबाइल टावर नहीं लगा है। आज भी लोगों को मोबाइल पर बात करने के लिए 10 किमी से अधिक दूर जाना पड़ता है। बताया कि जहां सरकार डिजिटल इंडिया का नारा दे रही है, वहीं इंडिया के यह गांव नेटवर्क के लिए तरस रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जल्द समस्याओं का संज्ञान लेने और संबंधित विभागों को निराकरण के लिए निर्देशित करने की मांग की। इस मौके पर प्रकाश सिंह, कैलाश सिंह दानू, राजन सिंह, आनंद सिंह, भगत सिंह आदि मौजूद रहे।
