April 13, 2026

जिला नागरिक समिति की बैठक में उठे वलंत मुद्दे

बागेश्वर। जिला नागिरक समिति की बैठक में वलंत मुद्दे उठाए गए। समिति के सदस्यों ने बिलौना स्थित रोडवेज बस स्टेशन को डिपो बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई। बंदरों और सुअरों से किसानों को निजात दिलाने की मांग की गई। इसके अलावा समिति को पहले से और अधिक मजबूत करने की मांग की गई। जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को हुई बैठक में समिति सदस्य संजय साह जगाती ने जिले के मोटर पुलों के नवीनीकरण, नदीगांव स्थित नगर पालिका द्वारा निर्माणाधीन रेनबसेरे का कार्य पूर्ण करने, नगर क्षेत्र के तहत विभिन्न पुराने बिजली पोलों को बदलने तथा बिलौना स्थित बस स्टेशन को रोडवेज डिपो में परिवर्तित करने जैसे सुझाव दिए। अध्यक्ष नगर पालिका सुरेश खेतवाल ने सिंचाई विभाग की विकास भवन से नुमाईशखेत तक जाने वाली सड़क का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण एवं कार्य को गुणवत्तापरक रूप में कराने का सुझाव दिया। एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन में आने वाले व्यावहारिक समस्याओं को दूर करने के लिए वे समाज के सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभावान व्यक्तियों से समन्वय करते हुए समस्याओं के समाधान करने का प्रयास करें, ताकि जनपद के तहत संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं के व्यावहारिक स्वरूप को प्राप्त करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। रणजीत सिंह बोरा एवं दलीप खेतवाल ने बंदर एवं सुअरों के फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने के संबंध में जरूरी कार्रवाई करने एवं जनपद को नशामुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाने का प्रस्ताव दिया। अध्यक्ष जिला पंचायत बंसती देव ने पीएमजीएसवाई एवं लोनिवि विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण की जाने वाली सडकों का मुआवजा जल्द दें। बैठक में एसडीएम बागेश्वर योगेंद्र सिंह, गरुड़, जयवर्द्धन शर्मा, कपकोट प्रमोद कुमार, पुलिस उपधीक्षक महेश जोशी आदि मौजूद रहे।