March 3, 2026

मतदाता सूची में न छुटे कोई दिव्यांग, डीएम ने दिए निर्देश

बागेश्वर ( आखरीआंख समाचार ) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी रंजना राजगरू की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में दिव्यांग मतदाताओं के सम्बन्ध में एक बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में दिव्यांग मतदाता जिन्हें 18 वर्ष पूर्ण हो चुके है ऐसे मतदाताओं की मतदेय स्थलवार सूची तैयार करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को कहा कि जितने भी दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए है सभी की सूची की तैयार कर जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जिला समाज कल्याण अधिकारी को कहा कि विभाग द्वारा जितने भी दिव्यांगों को पेंशन दी जाती है उन दिव्यांगों की सूची तैयार कर निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करायें।
जिलाधिकारी ने बैठक में निर्वाचन में लगाये गये सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि दिव्यांग मतदाताओं की सूची तैयार करने में बूथवार पृथक-पृथक सूची तैयार करें ताकि बूथवार दिव्यांग मतदाताओं की संख्या ज्ञात की जा सके। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधि0अधि0नगरपालिका, दिव्यांग सलाहकार समिति कठायतबाडा बागेश्वर व नोडल अधिकारी स्वीप के साथ दिव्यांग मतदाताओं के सम्बन्ध में विस्तार पूर्वक चर्चा की। और कहा कि दिव्यांग मतदाताओं की निर्वाचक नामावली की सूची तैयार कर समयानुरूप निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें। मतदान केन्द्रों का भौतिक अभिगम्यता एवं सुविधाओं में सुधार कर जागरूकता अभियान चलाने को कहा। दिव्यांग व्यक्ति जो निर्वाचक नामावली की सूची में सम्मिलित नहीं है उन नामों को भी सूची में शामिल करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर दिव्यांगों को चिन्हिकरण कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें। हर पोलिंग स्टेशन जितने भी दिव्यांग मतदाता है उनका रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से कराने को कहा। मतदान केन्द्रों पर भौतिक अभिगम्यता एवं सुविधाओं में सुधार कर बाधामुक्त वातावरण निर्मित कर सुगम निर्वाचन हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाय। दिव्यांग व्यक्तियों की आवश्यकताओं को हल करने के प्रयास करने हेतु निर्वाचक प्रणाली को संवेदनशील बनाने हेतु विशेष प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया जाय। दिव्यांग मतदाताओं को नामांकित करने एवं जागरूक संवेदीकृत करने के लिए विशेष कैम्पों का आयोजन करने को कहा तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने द्विव्यांग व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर मतदाता सूची में नाम दर्ज किए जाने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, अधि0अधि0नगरपालिका बागेश्वर को अपने-अपने विद्यालयों/नगरपालिका अन्तर्गत निवासरत दिव्यांग व्यक्तियों की गणना करते हुए सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि विभाग से पैन्शन पा रहे 2457 दिव्यांग व्यक्तियों की सूची से 1755 व्यक्तियों का मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की पुष्टि करते हुए उनकी साफ्टवेयर में दिव्यांगता प्रकार के अनुसार मैपिंग कर दी गई है, जिसमें विधान सभा क्षेत्र 46-कपकोट से 774 तथा 47-बागेश्वर(अ.जा.) से 981 कुल 1755 दिव्यांग मतदाता चिन्हित है। अवशेष 702 दिव्यांग व्यक्तियों की तहसील बागेश्वर एवं कपकोट द्वारा सत्यापन का कार्य बी.एल.ओ. के माध्यम से कराया जा रहा है। शीघ्र ही उक्त व्यक्तियों की साफ्टवेयर में मैपिंग का कार्य कर लिया जायेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राहुल कुमार गोयल, जिला समाज कल्याण अधिकारी एन.एस.गस्याल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश आर्या, अधि0अधि0नगरपालिका राजदेव जायसी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नरेश शर्मा, डाॅ0एन.एस.टोलिया, डायट प्रवकता/नोडल स्वीप कैलाश प्रकाश चन्दोला, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद थे।

You may have missed