Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

बिंदाल नदी में जख्मी हालत में मील नवजात की मौत

देहरादून ( आखरीआंख समाचार ) थाना कैंट क्षेत्र के वार्ड 24 शिवाजी मार्ग के बिंदाल नदी के पास एक नवजात मिलने से सनसनी फैल गई। क्षेत्र के पार्षद विशाल कुमार ने उसे दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान नवजात की मौत हो गई। पुलिस नवाजत को नदी में फेंकने वाले की तलाश कर रही है।
मामला रविवार सुबह साढ़े छह बजे का है। वार्ड 24 शिवाजी मार्ग के पास से बहने वाली बिंदाल नदी से एक नवजात की रोने की आवाज आ रही थी। इस पर कुछ लोग वहां गए, नदी के किनारे एक नवाजात के पड़े होने से उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना क्षेत्र के पार्षद विशाल कुमार को दी। सूचना पर विशाल कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने नवजात को नदी से बाहर निकाला और दून अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। अस्पताल प्रशासन ने नवजात को निक्कू वार्ड में रखा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डाक्टरों का कहना है कि नवजात को चोट आई हुई थी। चिकित्सा अधीक्षक डा. केके टम्टा के मुताबिक तमाम प्रयास के बावजूद नवजात को नहीं बचाया जा सका। पुलिस प्रशासन का कहना है कि नवजात को किसने नदी में फेंका इसकी तलाश की जा रही है।

Advertisement