Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 15, 2026

गंगोलीहाट के ग्रामीण बोले रोड नहीं तो वोट नहीं


पिथौरागढ़। गंगोलीहाट के ग्रामीणों ने 60 किमी दूर जिला मुख्यालय पहुंचकर शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा आजादी के 74 साल बाद भी वे सड़क सुविधा से वंचित हैं। पूर्व में सड़क निर्माण की पहल हुई, लेकिन मामला सर्वे से आगे नहीं बढ़ा। इस दौरान उन्होंने कहा अगर शीघ्र ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आगामी चुनाव का बहिष्कार करेंगे। मंगलवार को गंगोलीहाट के हीपा, भैंसियाउड्यार, दमुवाछीना, हानानौला, बेरीगांव, सेलाबन, टटोली, बमरेत के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा सालों से वे सड़क की मांग उठा रहे हैं। वर्ष 2014 के दौरान सरकार ने सड़क निर्माण के लिए सर्वे भी कराया, लेकिन सात साल बाद भी सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। सड़क के अभाव में बड़ी आबादी को मुश्किलें उठानी पड़ रही है। सबसे अधिक दिक्कतें रोगियों और गर्भवतियों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीण डोली के सहारे उन्हें मुख्य सड़क तक लाने को मजबूर है। बाद में ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देते हुए कहा अगर चुनाव से पहले सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।

You may have missed

Advertisement