Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

योगी-मोदी कुटिया में जाएं, राजनीति से क्या मतलब : जया बच्चन


जौनपुर , योगी और मोदी अपनी कुटिया में जाएं। राजनीति से उनका क्या मतलब। 15 साल से मैं महिलाओं की सुरक्षा में लगी हूं। महिला सुरक्षा को लेकर योगी सरकार जो दावा करती है, वह खोखला है। जब से बीजेपी सरकार बनी है, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है। भाजपा सिर्फ शहरों और रेलवे स्टेशनों के नाम बदलने का ही काम कर रही है। ये बातें राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने शनिवार को मडिय़ाहूं तथा मछलीशहर में आयोजित जनसभा में कहीं।
जौनपुर के मडिय़ाहूं और मछलीशहर में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा नेता और राज्यसभा सांसद जया बच्चन के साथ कन्नौज की पूर्व सांसद डिंपल यादव भी मौजूद रहीं। जया बच्चन ने कहा कि अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस-वे की राह दिखाई। वह लोगों के दिलो पर राज कर रहे हैं। जया ने मछलीशहर में अपनी निधि से महिलाओं की सुरक्षा के लिए कंसल्टिंग रूम बनाने का वादा भी किया। मंच से ही अखिलेश यादव की सरकार में हुए विकास कार्यों पर कविता पढक़र सुनाया।
गर्मी निकालने वालों को पता नहीं मौसम बदल चुका : डिंपल
पूर्व सांसद डिंपल यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि गर्मी निकालने वालों को पता नहीं मौसम बदल चुका है। लगता है कि भाजपा को कोल्ड स्टोरेज में डालना होगा। अपने संबोधन में बगैर किसी का नाम लिए कहा, जौनपुर में क्रिकेट खेला जाता है। आप लोग पूरी टीम को क्लीन बोल्ड कर देना। वादा किया कि सपा सरकार आई तो पूरे पांच वर्ष मुफ्त राशन के साथ तेल और घी भी दिया जाएगा। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण तथा 22 लाख नौकरियां भी दी जाएंगी। महिलाओं का पेंशन 1800 रुपये प्रति माह किया जाएगा। 12वीं पास छात्राओं को 36 हजार एक मुश्त सरकार देगी। महिला सुरक्षा के लिए पुलिसबल में महिलाओं की भर्ती की जाएगी।
पिण्ड्रा के कांग्रेस उम्मीदवार के प्रचार पर आयोग ने रोक लगाई
वाराणसी जिले की पिण्ड्रा विधान सभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार अजय राय द्वारा आपत्तिजनक बयान दिये जाने को केन्द्रीय चुनाव आयोग ने गम्भीरता से लिया है। आयोग ने अजय राय के चुनाव प्रचार पर चौबीस घण्टे की रोक लगाई जो कि शनिवार की रात आठ बजे तक लागू रही। आयोग ने अजय राय के बयान की निंदा भी की है। उन्हें आगाह भी किया गया है कि वह ऐसी बयानबाजी से बचें। उनके इस आपत्तिजनक बयान पर उनके खिलाफ फूलपुर थाने में भारतीय संविधान की धारा 269, 124 ए, 153 ए और 188 के तहत एफआईआर भी दर्ज करवायी जा चुकी है। यहां सातवें और आखिरी चरण में सात मार्च को मतदान होना है।

Advertisement