May 10, 2026

महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने गैस सिलेंडर के साथ दिया धरना


बागेश्वर। गैस, डीजल तथा पेट्रोल के बढ़ते दाम पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को कौन कैसे घर चला रहा है इससे उन्हें कोई लेना देना नहीं रह गया है। ईंधन बढ़ने से अन्य वस्तुएं भी आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई हैं। उन्होंने गैस सिलेंडर को माला भी पहनाई। शनिवार को कांग्रेसी गांधी चौक पर एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर पहुंच गई है। ईंधन के दाम बढ़ने से अन्य वस्तुएं भी महंगी हो गईं हैं। जिसके कारण गरीब लोगों के घरों में चूल्हा जल पाना मुश्किल हो गया है। बेरोजगारी के कारण युवा वर्ग पहले से परेशान हैं। ऊपर से महंगाई ने उन्हें दिक्कत में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल सौ रुपये के पार हो गया है। डीजल के दाम भी प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। रसोई गैस का सिलिंडर एक हजार रुपये हो गया है। गांव तक पहुंचने में वह 200 से 400 सौ अतिरिक्त लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र महंगाई पर रोक नहीं लगाई गई तो वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इस दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक, रंजीत दास, विनोद पाठक, महेश पंत, लक्ष्मी धर्मशक्तू, सुनील भंडारी, गीतांजलि, इंद्रा जोशी तथा ललित बिष्ट आदि मौजूद थे।