September 10, 2026

अंकिता हत्याकांड में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन  –


रुड़की। अंकिता हत्याकांड मामले को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ केवल नारों में सीमित है। चंद्रशेखर चौक पर विरोध प्रदर्शन कर सरकार का पुतला दहन किया गया। महानगर अध्यक्ष कलीम खान ने कहा कि पीड़ित परिवार चार दिन तक बेटी के बारे में पता लगाने के लिए भटकता रहा। आरोपियों ने अंकिता की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया। भाजपा के नेता से जुड़ा मामला होने के कारण इसमें लापरवाही बरती गई। अब भाजपा एक आरोपी के पिता को संगठन से निष्कासित कर रही है। कलियर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। जिस तरह की घटना बेटी के साथ हुई उससे पूरा प्रदेश शोक में है। उन्होंने कहा कि शुरू से मामले को हल्के में लिया गया। भाजपा से जुड़े लोगों के नाम पहले भी कई मामलों में आ चुके हैं। भाजपा के नेता केवल भाषणों में नैतिकता की बात कहते हैं। इस मामले में जल्द से जल्द पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। प्रदेश महासचिव सचिन गुप्ता ने कहा कि बेटी के साथ जिस तरह की घटना हुई वह कहीं भी स्वीकार्य नहीं हो सकती। एक ओर मंचों पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे लगाए जाते हैं तो दूसरी ओर देवभूमि में ही बेटियां सुरक्षित नहीं है। घटना के बाद जिस तरह मामले को दबाने की कोशिश हुई उसे भी जांच के दायरे में शामिल किया जाना चाहिए। साक्ष्य छिपाने में जो और कोई भी शामिल है उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान सुभाष सैनी, उम्मेद गाजी, मकसूद हसन, भूषण त्यागी, श्रीगोपाल नारसन, कमलेश कुमार, संजय कुमार, सुशील कश्यप, नरेश कश्यप, सलीम, अमित सोनकर, सीता राम, तहसीन अली, राहुल सैनी, भानू प्रताप, रितु कंडियाल, रश्मि चौधरी, आशीष सैनी, मुकेश सैनी, राजबीर रोड़, दीपक कुमर, रणवीर नागर, नासिर हुसैन, सुरेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

You may have missed