Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

बड़े मंच पर पाकिस्तान से टक्कर लेना अद्वितीय अनुभव : पंत


मेलबर्न । भारत के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत का मानना है कि बड़े मंच पर पाकिस्तान का मुकाबला करना अद्वितीय अनुभव है और आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में रविवार को वह दोबारा यह अनुभव लेना चाहेंगे। भारत और चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के बीच जारी लड़ाई का अगला अध्याय रविवार को यहां मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में लिखा जाएगा। दोनों टीमें करीब एक लाख लोगों के सामने इस मैच के साथ अपने टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत करेंगी।
पंत ने कहा, पाकिस्तान के खिलाफ खेलना हमेशा खास होता है क्योंकि उस मैच को लेकर हमेशा की तरह विशेष उत्साह है। इसमें न केवल हमारे लिए, बल्कि प्रशंसकों के लिए भी बहुत सारी भावनाएं शामिल हैं। यह एक अलग तरह का एहसास है।
बतौर विकेटकीपर भारतीय एकादश में जगह बनाने के लिये पंत का मुकाबला दिनेश कार्तिक से है, हालांकि टीम प्रबंधन मध्यक्रम को मजबूती देने के लिये बाएं हाथ के बल्लेबाज पंत को टीम में जगह दे सकती है। पंत ने पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में खेले गये टी20 विश्व कप में भी पाकिस्तान के खिलाफ भारत का प्रतिनिधित्व किया था जहां उन्होंने 26 गेंदों पर 39 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।
पंत ने कहा, जब आप मैदान पर उतरते हैं, तो आपके चारों तरफ अलग तरह का माहौल होता है। चारों ओर दर्शक आपकी हौसला अफजाई करते हैं। जब हम अपना राष्ट्रगान गा रहे थे, तो वास्तव में मेरे रोंगटे खड़े हो गए।
टी20 विश्व कप में पिछले साल की भिड़ंत एकतरफा रही थी। मोहम्मद रिजवान और बाबर आज़म की सलामी जोड़ी ने पाकिस्तान को 10 विकेट की जीत का उपहार देने के लिए भारत के 151/7 के स्कोर को बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया।
यह मैच भले ही कई भारतीय खिलाडिय़ों और प्रशंसकों की याददाश्त से जल्दी मिट गया हो, लेकिन पंत को अब भी तत्कालीन कप्तान विराट कोहली के साथ की गई 53 रनों की साझेदारी और अपनी 39 रनों की तेज पारी याद है।
पंत ने कहा, मुझे याद है कि मैंने हसन अली को एक ही ओवर में दो छक्के मारे थे। हम शुरुआती विकेट गिरने के बाद सिर्फ रन रेट बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। मैंने उसे (हसन) दोनों छक्के एक हाथ से मारे, जो मेरा विशेष शॉट है।
पंत को उम्मीद है कि उन्हें इस रविवार को एमसीजी में कोहली के साथ एक और यादगार साझेदारी करने का मौका मिलेगा।
पंत ने कहा, वह (कोहली) आपको विशेष परिस्थितियों से निकलना सिखा सकते हैं। हमेशा की तरह उनके साथ बल्लेबाजी करना अच्छा है। आपके साथ बल्लेबाजी करने का बहुत अनुभव रखने वाला व्यक्ति होना चाहिये क्योंकि वह आपको खेल को आगे बढ़ाने और दबाव को बनाए रखने के तरीके के बारे में बता सकता है।

You may have missed

Advertisement