January 30, 2026

भारत जोड़ो यात्रा : राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक, कांग्रेस ने अमित शाह को लिखी चिठ्ठी


नई दिल्ली । कांग्रेस ने दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में सेंध लगने का दावा किया है। बुधवार को पार्टी ने गृह मंत्री अमित शाह को इस बारे में पत्र लिखा। कांग्रेस ने कहा कि दिल्ली में 24 दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा की सुरक्षा में सेंध लगी और पुलिस राहुल गांधी के इर्द-गिर्द भीड़ को नियंत्रित कर घेरा बनाने में नाकाम रही।
कांग्रेस ने कहा है ऐसा तब हुआ जबकि राहुल गांधी को जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पत्र में यह आग्रह भी किया कि अब आगे पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील राज्यों में राहुल गांधी और यात्रा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि दिल्ली में 24 दिसंबर को स्थिति यह हो गई थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भारत यात्रियों को राहुल गांधी के आसपास घेरा बनाना पड़ा था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा कुछ अन्य कांग्रेस नेताओं की हत्या का जिक्र किया और कहा कि सरकार को प्रतिशोध की राजनीति में नहीं पडऩा चाहिए। कांग्रेस नेताओं की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा से गुजर चुकी है और फिलहाल दिल्ली में विश्राम के दौर में है। जनवरी के शुरू में यात्रा के उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर जाने का कार्यक्रम है।