March 12, 2026

नुमाईशखेत के अधूरे व्यू प्वाइंट जल्द होंगे पूरे


बागेश्वर। नुमाईशखेत मार्ग पर आधे-अधूरे व्यू प्वाइंट अब जल्द पूरे होंगे। उत्तरायणी मेले के कारण नगर पालिका ने कार्य रोका था। 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले तीन प्लाइंट दो महीने के भीतर तैयार हो जाएंगे। मालूम हो नगर पालिका ने सरयू नदी के किनारे व्यू प्लाइंटों का निर्माण किया। जिसका उत्तरायणी मेले मे आए मेलार्थियों ने जमकर लुत्फ उठाया। बिजली की सजावट इतनी बेहतर थी कि लोगों ने जमकर सेल्फी खींची। तब तीन प्वाइंटों के निर्माण को पालिका ने मेले को देखते हुए रोक दिया था। शनिवार से निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। 25 लाख की राशि से बनने वाले इन प्लाइंटों को तेज गति से पूरा किया जाएगा। नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। कार्य कर रहे ठेकेदार को समय पर गुणवत्तायुक्त कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। खेतवाल ने बताया कि इसकी निविदा पहले ही हो गई थी। उत्तरायणी मेले के कारण निर्माण कार्य रोका था। दो महीने के भीतर इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस वाली बाजार में भी टाइल्स बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है।