March 9, 2026

पेपर लीक में मामा और दो भांजे गिरफ्तार


हरिद्वार। एई-जेई और पटवारी भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक कांड में जेल जा चुके तथाकथित डॉक्टर संजीव दुबे के सगे मामा और दो सगे भाइयों को एसआईटी ने गिरफ्तार किया है। मामा-भांजों पर अलग-अलग जगह अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र रटाए जाने के दौरान निगरानी करने का आरोप है। एसआईटी ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। शनिवार को रोशनाबाद स्थित जिला पुलिस मुख्यालय सभागार में संवाददाताओं को एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि एसआईटी की जांच में संदीप और अमित निवासीगण गांव कुलचंदपुर उर्फ नथौड़ी थाना गागलहेडी जिला सहारनपुर यूपी का नाम सामने आया था। एसआईटी ने आरोपियों को दबोच गिरफ्तार कर लिया। सामने आया कि आरोपियों ने आरोपी संदीप ने उत्तरी हरिद्वार में भारत माता मंदिर के पास एक धर्मशाला में अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र रटवाने के दौरान निगरानी की थी जबकि उसके भाई ने बिहारीगढ़ सहारनपुर के रिजॉर्ट में की थी। दोनों ही आरोपी जेल जा चुके मुख्य आरोपी संजीव दुबे के सगे भाई हैं और उन्हें इसकी एवज में मोटी रकम मिलने की बात तय हुई थी। एसएसपी ने बताया कि पटवारी भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र बिहारीगढ़ के रिजॉर्ट में रटवाने के आरोप में संजीव दुबे के सगे मामा सुरेश उर्फ मनतू पुत्र किशना निवासी गांव नलहेडा सहारनपुर यूपी की भूमिका सामने आई, जिसे एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मामा को भी भांजे संजीव दुबे ने मोटी रकम मिलने का लालच दिया था लेकिन उसे फिलहाल बीस हजार की रकम दी गई थी। इस दौरान एसपी अपराध रेखा यादव भी मौजूद रहीं।

You may have missed