लाठी चार्ज के विरोध में यूकेडी ने निकाली पदयात्रा
ऋषिकेश। देहरादून में बेरोजगार युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को यूकेडी ने पदयात्रा निकाली। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि धामी सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने की जगह उन पर जुल्म ढा रही है। इसका खामियाजा आगामी चुनाव में भाजपा को भुगतना पड़ेगा। शनिवार को देहरादून में युवाओं पर हुए लाठी चार्ज के खिलाफ यूकेडी कार्यकर्ता छिद्दरवाला चौक पर एकत्रित हुए। यहां सरकार विरोधी नारेबाजी की। यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री मोहन सिंह असवाल के नेतृत्व में यहां से पदयात्रा शुरू की। यूकेडी कार्यकर्ताओं की पदयात्रा नेपाली तिराहे, खदरी रेलवे फाटक, श्यामपुर चौकी तिराहे, आईडीपीएल सिटी गेट, पुरानी चुंगी तिराहे से होते हुए त्रिवेणीघाट पहुंची। त्रिवेणी घाट पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के साथ पदयात्रा का समापन किया गया।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की धामी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि उत्तराखंड के बेरोजगारों पर जिस बर्बरता से पुलिस प्रशासन ने लाठियां भांजी वह शर्मनाक है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के इशारे पर बेरोजगार युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया। इसे युवा कभी माफ नहीं करेंगे। प्रदर्शन में अन्य पिछड़ा वर्ग के केंद्रीय अध्यक्ष सेवक सिंह राणा, भरत राणा, दरबान नैथानी, महिला प्रकोष्ठ महामंत्री उषा चौहान, कमला राणा, रामचंद्र पुंडीर, संजय रावत, अंशुमान, अशोक भारती, योगेश भट्ट, प्रीति राणा, कमला, शकुंतला आदि मौजूद रहे।
