Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

आंखों के गंभीर ऑपरेशन के लिए हल्द्वानी की दौड़ खत्म होगी


नैनीताल। आंखों की जांच, स्कैन और गंभीर ऑपरेशन के लिए नैनीताल के मरीजों की अब हल्द्वानी की दौड़ खत्म हो जाएगी। बीडी पांडे जिला अस्पताल में फेको मशीन, ए स्कैन और एआरके मशीन उपलब्ध करावा दी है। जिससे अब गंभीर ऑपरेशन से लेकर महत्वपूर्ण जांचें भी जिला अस्पताल में ही हो जाएंगी। नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल को स्टॉप टीयर्स संस्था ने बड़ी मदद उपलब्ध कराई है। संस्था की ओर से अस्पताल के नेत्र विभाग को तीन महत्वपूर्ण मशीनें प्रदान की गईं हैं। अस्पताल में फेको मशीन इंस्टॉल कर दी गई है। जिसकी मदद से आंखों के लेंसों से मोतियाबिंद को निकाला जा सकता है। साथ ही लेंस डालने से जुड़े ऑपरेशन भी अब अस्पताल में हो पाएंगे। इसके अलावा ए स्कैन मशीन भी अस्पताल को मिली है। जिससे आंखों से जुड़ी बीमारियों जैसे मोतियाबंद, काला मोतिया और अन्य परेशानियों की जांच हो पाएगी। साथ ही आंखों की लंबाई निर्धारण से जुड़ी परेशानियां भी इस मशीन के जरिये जांची जाएंगी। इसके अलावा ए-आरके स्कैनर भी अस्पताल को मिल गया है। जिससे बच्चों में आंखों की कमजोरी सहित कई अन्य समस्याओं का पता लग पाएगा। श्रीनगर की स्टॉप टीयर्स संस्था के संस्थापक प्रमोद बमराड़ा के अनुसार अस्पताल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपिका लोबानी की पहल पर संस्था की ओर से यह मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों को काफी लाभ होगा। उन्हें छोटे छोटे इलाज के लिए हल्द्वानी नहीं जाना पड़ेगा।
जिला अस्पताल के नेत्र रोग विभाग को संस्था की ओर से तीन महत्वपूर्ण मशीनें प्राप्त हुई हैं। जिससे अब मरीजों को काफी लाभ होगा। -डॉ. एलएमएस रावत, पीएमएस जिला अस्पताल नैनीताल

Advertisement