मनीषजिला बार एसोसिएशन के मनीष जोशी अध्यक्ष एवं भानू प्रताप सचिव बने मनीष
नैनीताल। जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ। अध्यक्ष पद पर मनीष मोहन जोशी एवं सचिव पद पर भानु प्रताप सिंह मौनी विजयी घोषित किए गए हैं। अध्यक्ष पद पर मनीष मोहन ने 98 वोटों के अंतर से बड़ी जीत हासिल की है। जबकि उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप परगाई एवं संयुक्त सचिव के पद पर दीपक सिंह दानू विजयी हुए हैं। इसके अलावा जीतेंद्र सिंह बंगारी, किरन आर्या, मो. खुर्शीद हुसैन, सरिता बिष्ट व मुन्नी आर्या को निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य चुना गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश चंदोला ने बताया कि जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल पंजीकृत 273 अधिवक्ताओं में से 226 अधिवक्ताओं ने मत का प्रयोग किया। जिला बार सभागार में मतदान की प्रक्रिया कराई गई। सुबह साढ़े दस बजे से शुरू हुए चुनाव में अध्यक्ष पद प्रत्याशी मनीष मोहन जोशी को सर्वाधिक 140 मत मिले। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अशोक कुमार मौलेखी को 42 तथा मंजू कोटलिया को 31 मतों से संतोष करना पड़ा। सचिव पद पर भानु प्रताप सिंह मौनी को 116 जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी संजय सुयाल को 101 वोट पड़े। भानु ने 15 वोट के अंतर से संजय को हराया। उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप परगाई के पक्ष में 134 अधिवक्ताओं ने मतदान किया, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी तारा आर्या के पक्ष में 89 वोट पड़े। संयुक्त सचिव के पद पर दीपक सिंह दानू को 143 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी मेघा उप्रेती सुयाल को 66 मत ही प्राप्त हुए। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनावी प्रक्रिया को सफल बनाने में मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश चंदोला के साथ सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में ओंकार गोस्वामी, बीके सांगुड़ी, प्रमोद बहुगुणा एवं कार्यालय सहायक गौतम कुमार जुटे रहे।
अधिवक्ता हित में कार्य करने का आह्वान
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जीत दर्ज करने के बाद अधिवक्ता हित में कार्य करने का आह्वान किया। अध्यक्ष पद पर विजयी रहे मनीष मोहन जोशी ने कहा कि बीते लंबे समय से अधिवक्ताओं की लंबित समस्याओं के साथ ही आगामी कार्य योजना को लेकर कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही बैठक आयोजित कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।