यूकां ने निकाली जन आक्रोश रैली, अमित शाह का पुतला फूंका
बागेश्वर । पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर यूथ कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली निकाली। नाराज कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि दमनकारी नीतियों से आंदोलनकारियों की आवाज नहीं दबाई जा सकती। यूथ कांग्रेस ऐसी नीतियों का कड़ा विरोध करेगी। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोकुल सिंह परिहार के नेतृत्व में कार्यकर्ता मंगलवार को स्टेशन रोड स्थित गांधी मूर्ति के पास एकत्र हुए। यहां से एसबीआई तिराहे तक आक्रोश रैली निकाली और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया।यूथ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज और पैलेट गन से हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने इसे दमनकारी नीति बताया। कहा कि ऐसी कार्रवाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कमलेश गढ़िया, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, राजेंद्र टंगड़िया, जिला पंचायत सदस्य बलवंत राम, राहुल कुमार, प्रेम दानू, नीरज नवीन, उम्मेद सिंह गाड़िया और संजय चनयाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
