बागेश्वर में पालिका ने किन्नरों के लिए तय की बधाई राशि
बागेश्वर । नगर पालिका बोर्ड की बैठक में नगर के विकास, स्वच्छता, पथ प्रकाश, सौंदर्यीकरण और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर कई प्रस्ताव पारित किए गए। पालिका सभागार में मंगलवार को पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में किन्नरों के लिए बधाई स्वरूप ली जाने वाली राशि निर्धारित की गई। बड़े शुभ कार्यों के लिए 5,100 और छोटे शुभ कार्यों के लिए 2,100 रुपये तय किए गए हैं। निर्धारित राशि से अधिक की अनिवार्य मांग करने पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया। नगर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए पूर्व निर्मित झूला पुल के स्थान पर नए पुल का निर्माण जारी है। पुल के दोनों ओर दुकानों और हाईटेक शौचालय के निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव भी पारित किए गए। बैठक का संचालन ईओ विनोद जीना ने किया। इसमें सभी वार्डों के सभासद और नामित सदस्य मौजूद रहे।
