बागेश्वर में आंदोलन स्थल तय करने से पहले संगठनों से ली जाए राय
बागेश्वर । चिह्नित राज्य आंदोलनकारी संगठन के बैनर तले नगर के एक होटल में विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों की बैठक हुई। इसमें प्रशासन की ओर से धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित किए जा रहे आंदोलन स्थल को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन स्थल प्रशासन को जबरन तय करने के बजाय स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों से सुझाव लेकर निर्धारित किया जाना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि धरना-प्रदर्शन लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसलिए आंदोलन स्थल ऐसा होना चाहिए, जहां आम जनता और आंदोलनकारियों की आसानी से पहुंच हो और उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। स्थानीय लोगों की राय लिए बिना स्थल तय करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े संगठन समय-समय पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करते रहे हैं। ऐसे में आंदोलन स्थल तय करने से पहले सभी संबंधित पक्षों से चर्चा की जानी चाहिए। चेतावनी दी कि स्थानीय सुझावों की अनदेखी कर यदि प्रशासन ने स्थल थोपा तो इसके विरोध में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। बैठक में रमेश पांडे कृषक, कवि जोशी, भुवन कांडपाल, हरीश ऐठानी, गोविंद सिंह भंडारी, हीरा बल्लभ भट्ट, चरण सिंह बघरी, वरुण चंदोला, अर्जुन भट्ट, नरेंद्र खेतवाल, अंकुर उपाध्याय, गोपा धपोला और सरोज आर्या आदि मौजूद रहे।
