गरुड़ में भी बधाई राशि तय करने की मांग उठी
बागेश्वर , गरुड़ । नगर पालिका बागेश्वर की ओर से किन्नरों को शुभ कार्यों में दी जाने वाली बधाई राशि तय करने के निर्णय का गरुड़ के लोगों ने स्वागत किया है। सिविल सोसाइटी गरुड़ ने नगर पंचायत से भी इसी तर्ज पर बधाई राशि निर्धारित करने की मांग की है। बड़े शुभ कार्यों में अधिकतम 3,100 और छोटे शुभ कार्यों में 2,100 की राशि तय करने का सुझाव दिया गया है। सोसाइटी ने कहा कि गरुड़ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक परिवेश को देखते हुए बधाई राशि की अधिकतम सीमा पांच हजार के बजाय 3,100 और न्यूनतम 2,100 निर्धारित की जानी चाहिए।ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण अधिकांश लोगों की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे पांच हजार रुपये की राशि दे सकें। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत बोर्ड से आगामी बैठक में जनहित को देखते हुए इस प्रस्ताव पर निर्णय लेने की मांग की है। साथ ही गांवों में भी मनमानी बधाई राशि पर रोक लगाने के लिए जिला पंचायत से पहल करने को कहा है। लोगों का कहना है कि इससे समाज में सौहार्द्र का वातावरण बनेगा।
