धरने के 5000 दिन पूरे होने पर एसएसबी गुरिल्ले करेंगे विशाल प्रदर्शन
अल्मोड़ा। एसएसबी स्वयं सेवक कल्याण समिति के केन्द्रीय अध्यक्ष ब्रह्मा नन्द डालाकोटी ने नगर के एक होटल में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में एसएसबी स्वयं सेवकों के धरने को 22 जून को 5000 दिन पूरे होंगे, इस अवसर पर एसएसबी गुरिल्लों द्वारा अल्मोड़ा में विशाल प्रदर्शन किया जायेगा। 5001वें दिन 23 जून से अल्मोड़ा से एक रथ यात्रा निकाली जाएगी जो राज्य के गुरिल्ला बहुल 11 जनपदों में सभी बड़े शहरों कस्बों से गुजरेगी, यात्रा के दौरान स्थान स्थान पर गुरिल्ला प्रतिनिधि गुरिल्लों की सभाओं को संबोधित करने के साथ आम जनता से भी संवाद करेंगे। सभाओं के माध्यम से विगत 17 सालों से चल रहे आंदोलन की पीड़ा एवं सरकार के द्वारा उनके साथ किए गये छल को उद्घाटित किया जाएगा तथा गुरिल्लों के प्रशिक्षण के महत्व और आज भी उनकी आवश्यकता को आम जनमानस तक पहुचाया जायेगा। यहाँ वार्ता में डालाकोटी ने मांग की, कि मणिपुर की स्थितियों से निपटने में वहाँ के गुरिल्लों का सहयोग लिया जाय। उन्होंने यह भी दावा किया कि आतंकवादी, अलगाववादी ताकतों को रोकने में गुरिल्लायुक्त सुरक्षा प्रणाली आज भी कारगर सिद्ध होगी, उन्होंने राज्य सरकार पर गुरिल्लों के संबंध अपने ही शासनादेश व निर्णयों को लागू न करने का आरोप भी लगाया। पत्रकार वार्ता में डालाकोटी के अलावा जिलाध्यक्ष शिवराज बनौला एवं जगदीश सिंह सुयाल उपस्थित थे।
