March 10, 2026

अंकित उछोली को मिली आइसा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी


श्रीनगर गढ़वाल। छात्र संगठन आइसा के छठे उत्तराखंड राज्य सम्मेलन में संगठन की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित उछोली को आइसा का प्रदेश अध्यक्ष, रामनगर के सुमित कुमार को उपाध्यक्ष, नैनीताल के धीरज कुमार को सचिव, गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्र संघ के उपाध्यक्ष रॉबिन असवाल को सह सचिव और जोशीमठ के सचिन रावत को कोषाध्यक्ष नियुक्त गया। कार्यकारिणी में 19 सदस्यीय परिषद, 11 सदस्यीय कार्यकारिणी और 5 पदाधिकारियों को चुना गया है। आइसा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अंकित उछोली ने कहा कि आइसा छात्रों, युवाओं के संघर्ष की अपनी ऐतिहासिक विरासत को भविष्य में भी जारी रखेगी। नई शिक्षा नीति ने पहाड़ के छात्रों के साथ जो अन्याय किया है, उसके खिलाफ संघर्ष किया जाएगा। साथ ही राज्य के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पलायन के सवाल पर भी लोगों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। प्रदेश सचिव धीरज कुमार ने कहा कि हमारी क्रांतिकारी परंपरा आम लोगों के लिए संघर्ष करने की रही है और हम इस राज्य में उस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित कुमार ने कहा कि आइसा न केवल छात्रों और युवाओं के लिए संघर्ष करता है बल्कि राज्य के अन्य सवालों पर भी संघर्ष करता रहा है। प्रदेश सह सचिव रॉबिन असवाल ने कहा कि सीयूईटी ने छात्रों को प्रयोगशाला बना दिया है। हर साल शिक्षा व्यवस्था में हो रहा बदलाव छात्रों के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं है। शिक्षा दिन प्रति दिन महंगी होती जा रही हैं। इसी के खिलाफ हम लड़ेंगे। कोषाध्यक्ष सचिन रावत ने कहा कि जोशीमठ का सवाल केवल जोशीमठ का नहीं है बल्कि ये पूरे राज्य का सवाल है। हमारा पूरा राज्य विकास के दुष्प्रभावों को झेल रहा है। हम इस के खिलाफ लोगों को जागरूक करेंगे और जोशीमठ के लोगों के संघर्ष में खड़े रहेंगे।