सरकार के खिलाफ आर पार की लड़ाई लड़ेगी भाकियू: चौधरी
रुड़की। भारतीय किसान यूनियन के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि आपदा के बीच बिजली के दाम बढ़ाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार किसानों और गरीबों की उपेक्षा कर रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । सरकार के खिलाफ किसान आर पार की लड़ाई लड़ेंगे। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन का धरना ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की के कार्यालय पर 25वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी और जिला अध्यक्ष विजय शास्त्री ने कहा कि इस बार आपदा ने किसानों को बुरी तरह प्रभावित किया है । उनकी फसले पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। घरों का भी काफी नुकसान हुआ है। 25 दिनों से किसान यूनियन का धरना चल रहा है लेकिन आज तक भी सरकार ने इस धरने पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि पूरे हरिद्वार जनपद को आपदाग्रस्त जनपद घोषित कर विशेष पैकेज देकर आपदा प्रभावितों की मदद की जानी चाहिए। किसानों के बिजली के बिल माफ किया जाना चाहिए । उन पर जो भी कर्जा है उसे भी सरकार को तत्काल माफ कर देना चाहिए। जिला अध्यक्ष विजय शास्त्री ने कहा कि 24 अगस्त को किसने की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन रुड़की में महापंचायत का आयोजन करेगी । जिसमें जनपद के सभी 6 ब्लॉकों से किसान अपने ट्रैक्टर ट्राली के साथ भाग लेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत इस महापंचायत को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। आज धरना स्थल पर रवि कुमार, सुकरामपाल, मदन फौजी, मोहम्मद अरशद, मोहम्मद अजीम, बालेंद्र कुमार, जोगिंदर सिंह, रामधन आर्य, विनीत कुमार, गुड्डू, योगेंद्र, वेदपाल, बिन्नू तथा चौधरी शंकर सिंह आदि कार्यकर्ता बैठे।
