Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

लीसा तस्करी में लॉ का छात्र गिरफ्तार


रुद्रपुर। लीसा तस्करी के मामले में पुलभट्टा पुलिस ने एक लॉ के छात्र को गिरफ्तार किया है। वह रुद्रपुर के एक कॉलेज में लॉ का विद्यार्थी है। जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। 29 अगस्त की रात पुलभट्टा थाने के सामने हल्द्वानी-बरेली रोड पर पुलिस चेकिंग के दौरान एक वैगन आर व एक एनडीवर कार ने पुलिस का बैरियर तोड़कर भागने का प्रयास किया था। इतना ही नहीं कार चालकों ने चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों को भी जान से मारने की नीयत से कुचलने का प्रयास किया था। पुलिस ने घेराबंदी कर वैगन आर कार को पकड़ लिया था, लेकिन उसमें सवार दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। जबकि एनडीवर कार का चालक भी वाहन सहित भाग गया था। पुलिस ने वैगन आर कार से छह लाख कीमत का 24 कनस्तर लीसा बरामद किया था। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम और धारा 307 के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। जांच करने पर बरामद कार का पंजीकरण रवि भट्ट पुत्र हरीश चंद्र भट्ट निवासी भट्ट बेकरी आरके टेंट हाउस रोड कुसुमखेड़ा हल्द्वानी के नाम पर पाया गया। पुलिस की जानकारी में आया कि रवि पिछले दो-तीन सालों से मचखाली रानीखेत व उसके आसपास के स्थानों पर वन विभाग से चीड़ के जंगलो को लीसे के दोहन के लिए ठेके पर लेता है। वह रुद्रपुर के एक कॉलेज में लॉ का विद्यार्थी है और काफी समय से लीसे की तस्करी में शामिल है। एक सितबंर को पुलिस ने आरोपी रवि भट्ट को हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में पुलभट्टा थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट, उपनिरीक्षक पवन जोशी, हेड कांस्टेबल फिरोज खान, कांस्टेबल महेन्द्र सिंह, चारू पंत शामिल रहे।

Advertisement