June 19, 2026

घर की चारपाई पर मिले दो सगी बहनों के शव


काशीपुर ।  लक्ष्मीपुर पट्टी की खालिक कॉलोनी में दो सगी बहनों के शव घर में चारपाई पर मिलने से सनसनी फैल गई। इनमें से किशोरी का शव तीन से चार दिन पुराना बताया गया है। जबकि युवती की हत्या शुक्रवार रात की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने पिता को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में उसने तंत्र-मंत्र के चलते दोनों की हत्याएं किए जाने की बात कबूली है। शनिवार सुबह आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि खालिक कॉलोनी में अली हसन उर्फ सूरज की दो पुत्रियों फरीन (19 वर्ष) और यासीन (11 वर्ष) के शव उसके घर में चारपाई पर पड़े हैं। सूचना पर एएसपी अभय सिंह, एसपी क्राइम मनीषा जोशी, सीओ वंदना वर्मा, कोतवाल मनोज रतूड़ी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां मौजूद अली हसन की पत्नी और पुत्री से घटना के संबंध में जानकारी ली। मकान के बरामदें में खून के निशान पाए गए। घर के दरवाजे पर कथित तौर पर बलि दिए गए मुर्गे के अवशेष व कुछ टोटके का सामान पड़ा था। पूछताछ में परिजनों ने घटना ऊपरी साये के कारण होने की बात कहकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पड़ताल में तंत्र-मंत्र में विश्वास के कारण दोनों बहनों की हत्या किए जाने की बात भी सामने आई। बताया गया कि पिता ने ही दोनों बेटियों की पिटाई की और गला दबाया। इसी के चलते उनकी मौत हो गई। मौके पर फिंगर एक्सपर्ट टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। अली हसन के परिवार में चार पुत्रियां व तीन पुत्र थे। एएसपी अभय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में इस दोहरे हत्याकांड में अली हसन उर्फ सूरज का हाथ होने की बात सामने आई है।

You may have missed