विश्व पर्यटन दिवस पर कौसानी में गूंजा जिम्मेदार पर्यटन का संदेश
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने लिया प्रकृति, संस्कृति और आतिथ्य संरक्षण का संकल्प
कौसानी, बागेश्वर। विश्व पर्यटन दिवस पर कौसानी होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने पर्यटन को रोजगार के साथ-साथ प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण से जोड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और होटल व्यवसायियों ने ‘कौसानी पर्यटन एवं आतिथ्य संकल्प’ लेते हुए कौसानी की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय आतिथ्य परंपरा को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
एसोसिएशन अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में हिमालयी पर्यावरण की गरिमा बनाए रखने, सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखने तथा स्थानीय संस्कृति एवं प्राकृतिक संपदा के संरक्षण पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष विनय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष बलवंत नेगी, हरीश खर्कवाल, विपिन उप्रेती, आरसी चौधरी, अनिल बिष्ट, पुरन पांडे, शेखर पांडे, नंदन सिंह और मनोज बिष्ट समेत एसोसिएशन के सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यटन केवल आर्थिक गतिविधि और रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र की प्रकृति, संस्कृति और जीवनशैली भी जुड़ी है। इसलिए पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि विकास के साथ पर्यावरण और स्थानीय विरासत का संतुलन बनाए रखा जाए।
एसोसिएशन अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने कहा कि कौसानी को स्वच्छ, सुरक्षित, जिम्मेदार और प्रकृति आधारित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए होटल व्यवसायियों, स्थानीय समुदाय और पर्यटकों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि कौसानी की पहचान हिमालयी प्राकृतिक दृश्यों के साथ उसकी संस्कृति, प्रकृति और आतिथ्य से भी है। इन सभी को संरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के माध्यम से एसोसिएशन ने संदेश दिया कि आज का जिम्मेदार पर्यटन ही कौसानी के टिकाऊ और बेहतर भविष्य की नींव है।
