मुख्यमंत्री ने किया हल्द्वानी में 778.14 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी में 778.14 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया, जिसमें काठगोदाम रोडवेज बस टर्मिनल, आरटीओ कार्यालय व अन्य योजनायें शामिल हैं। महाशिवरात्रि व महिला दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि देवभूमि का मूल स्वरूप किसी भी कीमत पर बिगड़ने नही दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बनभूलपुरा घटना को अंजाम देने वाले एक-एक दंगाई को जब तक सलाखों के पीछे नहीं डाल दिया जाता, तब तक हमारी सरकार चैन से नहीं बैठेगी। जिन लोगों ने कानून के काम को रोकने का कार्य किया है जो भी दोषी होगा उनके खिलाफ जांच होगी। उन्होंने कहा प्रदेश में जिन लोगों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुचाया है वसूली भी उन्ही दंगाइयों से होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्द्वानी में रोडवेज बस टर्मिनल, आरटीओ कार्यालय, ड्राइविंग सेंटर सहित यह निर्माण कार्य कई साल पहले तैयार हो जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार द्वारा तमाम ऐसे कार्य किये जा रहे हैं, जो पूर्व की सरकारों ने इच्छाशक्ति की कमी के कारण नहीं हो पाये।
