March 15, 2026

उदीयमान खिलाड़ियों को मिलेगी 1500 की छात्रवृत्ति


बागेश्वर । मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में आठ से 14 वर्ष तक खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। जनपद के चयनित 150 बालक तथा 150 बालिका खिलाडियों को 1500 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। जिसका चयन ट्रायल विद्यालय स्तर पर 10 से 14 जुलाई, न्याय पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत स्तर पर 15 से 17 जुलाई, ब्लाक स्तर पर 18 से 20 जुलाई तथा जिला स्तर पर 25 से 27 जुलाई तक को होगा। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में खिलाड़ियों के चयन को लेकर जिलाधिकारी अनुराधा पाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। उन्होंने खिलाड़ियों के ट्रायल तिथि से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी स्तरों पर खिलाड़ियों के चयन में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। खेल आयोजन स्थल पर पानी, शौचालय, फर्स्टएड व्यवस्था रहेगी। खिलाड़ियों के प्रत्येक चयन ट्रायल में विशेषज्ञ व्यायाम शिक्षक, खेल प्रशिक्षक की नियुक्ति होगी। खेल विभाग की किरन नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन चयन ट्रायल में सरकारी, प्राईवेट स्कूल तथा स्कूल ड्राप आउट बच्चे प्रतिभाग कर सकते है। विद्यार्थी उत्तराखंड का निवासी होना चाहिए। प्रतिभागियों को आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र की सत्यापित प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। न्याय पंचायत स्तर पर चयनित खिलाड़ी, विकास खंड स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। विकास खंड से जिला स्तर पर प्रतिभाग कर सकेंगे। बैठक में उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, जितेंद्र वर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी जीएस सौन, युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन रावत, जल संस्थान सीएस देवडी आदि मौजूद रहे।