Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 2, 2026

विजय की जीत पर कनारीछीना में हर्ष का माहौल


अल्मोड़ा । भैसियाछाना ब्लॉक के कनारीछीना गांव के मूल निवासी 23 साल के विजय राणा ने शनिवार रात हल्द्वानी में आयोजित सीडब्ल्यूई नाइट आफ वॉरियर चैंपियनशिप जीत कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे विकासखंड में खुशी की लहर है। क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने चहेते विजय राणा को रेसलिंग करते देखने के लिए हल्द्वानी पहुंचे थे। डब्ल्यूडब्ल्यूई की तर्ज पर शनिवार शाम हल्द्वानी के एमबी कॉलेज ग्राउंड में सीडब्ल्यूई नाइट आफ वॉरियर्स शो हुआ। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से 22 पहलवानों ने प्रतिभाग किया था। फ्री स्टाइल कुश्ती में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने को द ग्रेट खली भी मौजूद थे। कनारीछीना के विजय राणा ने जैसे ही जीत दर्ज़ की क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और एक दूसरे को बधाई दी। विजय राणा अपने पिता अर्जुन राणा तथा माता मुन्नी देवी के साथ कुछ समय से हल्द्वानी में ही रह रहे हैं। विजय की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों समेत जनता ने खुशी जताई है।

Advertisement