March 4, 2026

गरीब से दूर हुई जांचे, एसटीएच की  जांच दर बढ़ने से आधे हो गए अल्ट्रासाउंड-एक्स-रे


  कैंसर की जांच को हफ्ते में 1-2 मरीज पहुंच रहे
पिथौरागढ़ ।     एसटीएच की जांच दरों के दाम बढ़ने का असर जांचों पर पड़ रहा है। रेडियोलॉजी की जांच कराने वालों की संख्या आधी हो गई है। एसटीएच में इसी माह से रेडियोलॉजी के दाम 3 से पांच गुना तक बढ़ चुके हैं। पहले जहां अल्ट्रासाउंड के लिए लंबी लाइन लगी रहती थीं उसके मरीज आधे हो गए हैं। एसटीएच में जहां रोज करीब 60 अल्ट्रासाउंड हुआ करते थे, अब उनकी संख्या 30-35 पहुंच गई है। एक्स-रे जहां रोज 450 से ज्यादा होते थे उनकी संख्या भी 275 के आसपास तक पहुंच गई है।
शरीर में गांठ होने पर उसमें डॉक्टर कैंसर का शक जताते हैं। इसकी रेडियोलॉजी में जांच की जाता है, जिसे एफएनएसी कहते हैं। यह जांच पहले 300 रुपये में होती थी अब यह जांच 1800 रुपये में हो रही है। पहले 2 से 3 मरीज जांच के लिए आते थे। अब हफ्ते में 1-2 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं।
पेट का सीटी स्कैन 5 हजार का
पेट में दिक्कत आने पर डॉक्टर कई बार मरीज को पेट का रंगीन सीटी स्कैन करने को कहते थे। ताकि पेट की छोटी से छोटी दिक्कत आसानी से पकड़ में आ जाए। पहले पेट का रंगीन सीटी (सीटी एबडोमेन) 1000 का होता था वह अब 5175 का होता है। इस जांच के लिए भी मरीजों ने अस्पताल का रुख करना कम कर दिया है।
इस लिए घट गए मरीज
एसटीएच में रेडियोलॉजी विभाग में होने वाली अधिकतर जांचों के दाम बाजार के बराबर हो गए हैं। भेले ही वह अल्ट्रासाउंड, सीटी हो या फिर एक्स-रे। ऐसे में मरीज एसटीएच में लंबी लाइन लगाने से बेहतर बाजार से ही जांचों को करना पसंद कर रहे हैं। एसटीएच में जांचों के दाम निर्धारित होने के चलते कोई रियायत मिलने की उम्मीद नहीं होती है जबकि प्राइवेट में जान पहचान होने पर कई बार जांचों में रियायत भी मिल जाती है।

जांच पूराने रेट(रुपये) नए रेट (रुपये)
अल्ट्रासाउंड 150 800
एफएनएसी 300 1800
सीटी हेड 400 1035
सीटी पेट (रंगीन) 1000 5175
एक्स रे (छाती) 90 230

– जांचों के दाम बढ़ने पर रेडियोलॉजी की जांच कराने वाले मरीजों की संख्या में कुछ कमी आयी है। हालांकि केन्द्रीय लैब में होने वाली जांच कराने वाले मरीजों की संख्या कम नहीं हुई है।    – डॉ. जीएस तितियाल, एमएस, एसटीएच