अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री धामी ने बहुउद्देशीय शिविर का किया उद्घाटन, सेवा और सुशासन पर दिया जोर
अल्मोड़ा । सेवा, सुशासन और विकास के तीन वर्षों की थीम पर हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ जनसामान्य तक पहुँचाने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए गए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य स्थापना के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षों में उत्तराखंड सरकार ने राज्य को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। समान नागरिक संहिता और सशक्त भू-कानून लागू कर राज्य को सुरक्षित और संगठित बनाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी सहित विभिन्न बुनियादी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। औद्योगिक नीति, स्टार्टअप नीति समेत 30 नई नीतियाँ लागू कर निवेश को आकर्षित किया गया है। वहीं, पलायन की समस्या से निपटने और रोजगार सृजन के लिए होम स्टे योजना, लखपति दीदी योजना और सीएम सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाएँ चलाई जा रही हैं।
गौ सेवा कर ‘जिला बछिया योजना’ का शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पशुपालन विभाग द्वारा प्रारंभ की गई ‘जिला बछिया योजना’ का शुभारंभ किया। उन्होंने गौमाता की पूजा कर उन्हें गुड़ एवं चारा खिलाया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश अग्रवाल ने बताया कि इस योजना के तहत किसानों को ऐसी गायें दी जाएँगी, जो राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुकूल होंगी।
