Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

पौड़ी में 9 ब्लाक प्रमुखों की सीटें हो रहीं प्रभावित


पौड़ी । शुक्रवार को पंचायतों के लिए पौड़ी जिले के 15 ब्लाक प्रमुख , 38 जिला पंचायत सदस्य,370 बीडीसी सदस्य व 1166 ग्राम प्रधान पदों के साथ ही 8188 ग्राम पंचायत सदस्यों की सीट के लिए अनन्तिम प्रकाशन कर दिया गया। पौड़ी जिले के 6 ब्लाक प्रमुख सीटों के लिए आरक्षण में कोई फेरबदल नहीं हुआ है। जबकि 9 ब्लाकों प्रमुख की सीट प्रभावित हो रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं डीएम पौड़ी डॉ आशीष चौहान ने इस प्रकाशन को करते हुए रविवार तक आपत्तियां मांगी है। आपत्तियां संबंधित बीडीओ, डीपीआरओ और डीएम दफ्तर में दी जा सकती है। इन आपत्तियों पर 16 जून को डीएम सुनवाई करेंगे। जिले की 6 ब्लाक प्रमुख सीटों पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। जिनमें थलीसैंण, यमकेश्वर, एकेश्वर, पौड़ी, द्वारीखाल, रिखणीखाल ब्लाक प्रमुख की सीटें शामिल है। पौड़ी, द्वारीखाल, एकेश्वर, रिखणीखाल सामान्य तो थलीसैंण और यमकेश्वर ब्लाक प्रमुख महिला सीट है। जबकि बीरोंखाल ब्लाक प्रमुख की अब तक सामान्य सीट को महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। इसी तरह से दुगड्डा और पाबौ ब्लाक प्रमुख सीटों को महिला से सामान्य किया गया है। कोट और कल्जीखाल ब्लाक जो अब तक महिला के लिए आरक्षित थी उसे एससी महिला के लिए आरक्षित किया गया है। जबकि खिर्सू और पोखड़ा ब्लाक प्रमुख की सीट को एससी महिला से सामान्य महिला के लिए आरक्षित किया गया है। नैनीडांडा सीट को एससी से सामान्य महिला के लिए आरक्षित किया गया है। आपत्तियों के बाद यदि कोई फेरबदल नहीं होता है तो जिले में आरक्षण की यही स्थित रहेगी।

Advertisement