दो पुस्तकों से बदल सकती हैं पीढ़ियां : गरुड सिविल सोसाइटी
बागेश्वर गरुड़। सिविल सोसाइटी सार्वजनिक पुस्तकालय, गरुड़ द्वारा “पुस्तक दान करें, समाज निर्माण करें” अभियान के अंतर्गत एक अभिनव पहल की शुरुआत की गई है। यह पुस्तकालय 21 अक्टूबर 2016 से लगातार ज्ञान और संवाद का केंद्र बना हुआ है, और अब अपने 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे अपने जन्मदिन को समाज सेवा से जोड़ें। अभियान के अंतर्गत नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने जन्मदिवस पर दो पुस्तकें पुस्तकालय को दान करें तथा आर्थिक रूप से भी यथासंभव सहयोग करें, जिससे पुस्तकालय में नई पुस्तकों, संसाधनों और अध्ययन सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।
पुस्तकालयाध्यक्ष चंद्रशेखर बड़सीला ने बताया कि यह पहल केवल दान की नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को जगाने का माध्यम है। यह पुस्तकालय न केवल छात्रों के लिए, बल्कि हर आयु वर्ग के लोगों के लिए एक जीवंत वैचारिक मंच है। इस अभियान की प्रेरणा डीके जोशी, अधिवक्ता उच्च न्यायालय नैनीताल हैं, जिन्होंने अपने जन्मदिन 21 अक्टूबर को इस पुस्तकालय की नींव रखी थी और बीते 10 वर्षों से लगातार इसमें योगदान दे रहे हैं। वे अब समस्त नागरिकों से व्यक्तिगत अपील कर रहे हैं कि इस पुस्तकालय को और भव्य रूप देने में सहभागी बनें।
यह पहल समाज में एक सकारात्मक लहर पैदा कर रही है, जिसमें व्यक्ति अपने व्यक्तिगत उत्सवों को जनसेवा से जोड़कर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य उपहार दे सकते हैं। एक पुस्तक किसी बच्चे का भविष्य बदल सकती है, और एक विचार पूरे समाज को दिशा दे सकता है। इच्छुक नागरिक पंजास चौराहा, गरुड़ स्थित पुस्तकालय से सीधे संपर्क कर सकते हैं या दिए गए संपर्क नंबरों पर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं – 9411317871, 9412436112, 9675583051, 9412976904, 8979363640, 9389681553, 9319805337, 9818333220, 9711293624, 9456164404
